हज - में मरने वालो में भारतीयों की संख्या हुई 45

मीना- हज के दौरान मची भगदड़ में अधिकारियों ने 10 और शवों की पहचान की है जिसके बाद इस हादसे में मरने वाले भारतीयों की संख्या आज बढ़ कर 45 हो गयी। सउदी अरब में वार्षिक हज यात्रा के दौरान 25 साल में यह सर्वाधिक भीषण हादसा है। जेेद्दा में हज वाणिज्य दूतावास ने बतााया कि मृतकों में तीन हाजी पश्चिम बंगाल के और केरल एवं झारखंड से दो-दो और तमिलनाडु एवं महाराष्ट्र से एक-एक हाजी शामिल है। इससे पहले कल 13 और शवों की पहचान की गयी थी जिसके साथ ही मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ कर 35 हो गयी थी। हज के दौरान मची भगदड़ में मरने वालों की कुल संख्या सउदी अधिकारियों ने 769 बतायी है। इस हादसे में घायल होने वालों की संख्या 934 है। घायलों में कम से कम 13 भारतीय हैं। सउदी अरब के शाह सलमान ने पांच दिवसीय आयोजन के दौरान हुयी हादसे की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने का आदेश दिया है। इस आयोजन में 180 से अधिक देशों के लगभग 20 लाख लोग भाग ले रहे थे। भारत से 1.5 लाख हाजियों ने हज किया।   
 हज को इस्लाम के पांच बुनियादी स्तंभों में से एक माना जाता है और आर्थिक और शारीरिक रूप से सक्षम हर मुस्लिम को जीवन में एक बार हज अवश्य करना चाहिए। यह भगदड़ उस समय मची, जब हाजियों की दो बड़ी कतारें, अलग-अलग दिशाओं से एक दूसरे के सामने आ गईं। यह स्थान मीना के जमारात ब्रिज की उस पांच मंजिला इमारत के करीब है, जहां पत्थर से बनी तीन दीवारों पर प्रतीकात्मक रूप से शैतान को कंकड़ मारने की रस्म निभाई जाती है। हाजियों के लिए इस साल यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले 11 सितंबर को मक्का की मस्जिद अल हराम में निर्माण कार्य में लगी एक विशाल क्रेन के गिर जाने से 11 भारतीयों सहित 100 से अधिक लोगों की मौत हो गयी थी।

,

0 comments

Write Down Your Responses

NEWS AND ENTERTAINMENT SITE